मेजर ध्यानचंद की जयंती पर चित्रकूट स्पोर्टिंग क्लब ने किया नमन, भारत रत्न देने की मांग

 

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर चित्रकूट स्पोर्टिंग क्लब ने किया नमन, भारत रत्न देने की मांग”

चित्रकूट। हॉकी के जादूगर एवं महान भारतीय खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को जिला कर्वी स्थित बस स्टैंड के श्याम दरबार होटल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन चित्रकूट स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में किया गया।कार्यक्रम में पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, वरिष्ठ पत्रकार एवं क्लब के संरक्षक विवेक अग्रवाल, कॉपरेटिव बैंक चेयरमैन पंकज अग्रवाल, सिंचाई विभाग के एसडीओ गुरु प्रसाद, भाजपा नेता जगदीश प्रसाद गौतम, प्रिंस मोबाइल के संचालक विनोद केशरवानी सहित मातृशक्ति एवं अन्य गणमान्य लोगों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

देश के लिए अप्रतिम रहा मेजर ध्यानचंद का योगदान

पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा ने मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए कहा कि देश और खेल जगत के लिए उनका योगदान अप्रतिम रहा है। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद भारतीय हॉकी के ऐसे महान खिलाड़ी थे, जिन्होंने विश्व स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया। पूर्व सांसद ने बताया कि अपने लोकसभा कार्यकाल के दौरान उन्होंने मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न दिए जाने की मांग सदन में भी उठाई थी।उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और देशप्रेम आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

देशप्रेम की मिसाल थे मेजर ध्यानचंद

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने मेजर ध्यानचंद के जीवन से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनके राष्ट्रप्रेम को याद किया। उन्होंने कहा कि विदेश से खेलने के प्रस्ताव और आकर्षक पद का प्रलोभन मिलने के बावजूद मेजर ध्यानचंद ने देश के प्रति अपनी निष्ठा को सर्वोपरि रखा।भाजपा नेता जगदीश प्रसाद गौतम ने भी मेजर ध्यानचंद के जीवन और खेल उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग की।

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर ,

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता है।

क्लब के संरक्षक एवं सिंचाई विभाग के एसडीओ गुरु प्रसाद ने मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों एवं लोगों का धन्यवाद किया।कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी कमलेश ने किया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार विवेक अग्रवाल ने कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।चित्रकूट स्पोर्टिंग क्लब के इस आयोजन के माध्यम से हॉकी के महानायक मेजर ध्यानचंद के खेल, देशभक्ति और समर्पण को याद करते हुए नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *