मंदाकिनी ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड, खतरे के निशान से 7.50 मीटर ऊपर पहुंचा जलस्तर

मंदाकिनी ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड, खतरे के निशान से 7.50 मीटर ऊपर पहुंचा जलस्तर

रामघाट के रिहायशी इलाकों में घुसा पानी, गोबरिया गांव में ग्रामीणों के फंसे होने की सूचना; SDRF ने संभाला मोर्चा

चित्रकूट। चित्रकूट में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते हालात गंभीर हो गए हैं। मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 7.50 मीटर ऊपर पहुंच गया है। नदी का पानी रामघाट समेत किनारे बसे रिहायशी इलाकों में घुस गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने के बाद रामघाट जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कर दिया गया है। जिन रास्तों पर कुछ समय पहले तक श्रद्धालु और वाहन नजर आते थे, वहां अब पानी भर गया है और नावों के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। रामघाट और आसपास के इलाकों में फंसे श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों के लिए प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया है।

छतों पर पहुंचे लोग, गोबरिया गांव में रेस्क्यू अभियान

मंदाकिनी के बढ़ते जलस्तर से नदी किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल है। गोबरिया गांव के जलमग्न होने और कई ग्रामीणों के फंसे होने की सूचना के बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। ग्रामीण अपने परिवार और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं।

रामघाट के आसपास कई लोग अपने मकानों की छतों पर शरण लिए हुए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदी के आसपास न जाने की अपील कर रही हैं।

डोडा माफी बांध में बढ़ा पानी, ग्रामीणों में चिंता

यूपी-एमपी सीमा क्षेत्र के डोडा माफी इलाके में स्थित बांध में पानी लबालब भर गया है। पानी के फाटक के ऊपर से बहने की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। बांध के क्षतिग्रस्त होने की आशंका के चलते कई ग्रामीण एहतियातन सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं।

प्रशासनिक अधिकारी बांध और आसपास के क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

कर्वी-बेड़ी पुलिया मार्ग पर आवागमन बंद

मंदाकिनी के विकराल रूप को देखते हुए पुलिस ने झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कर्वी-बेड़ी पुलिया के बीच स्थित पुल पर आवागमन बंद करा दिया है। पुल पर फोटो और वीडियो बनाने के लिए पहुंच रहे लोगों को पुलिस ने हटाया। सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।

एसपी अरुण कुमार सिंह ने संभाला मोर्चा

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह सुबह से ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। टेम्पो स्टैंड के पास नावों की व्यवस्था की गई है। बाहर से आए श्रद्धालुओं को नावों के जरिए सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है।

जिन स्थानीय लोगों के घरों में पानी भर गया है, उन्हें भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की जा रही है।

पुलिस प्रशासन लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि कोई भी व्यक्ति नदी या बाढ़ के पानी के करीब न जाए और अपनी जान जोखिम में न डाले।

मंदाकिनी का जलस्तर अभी और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। नदी किनारे बसे गांवों को अलर्ट कर दिया गया है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *