चित्रकूट पहुंचे सीएम योगी, बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री, दिए 1.20 लाख के चेक
CM IN CHITRAKOOT

चित्रकूट पहुंचे सीएम योगी, बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री, दिए 1.20 लाख के चेक

चित्रकूट में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे सीएम योगी, राहत सामग्री बांटी, क्षतिग्रस्त मकानों के लिए दिए 1.20 लाख के चेक

सीएम योगी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई और जमीनी निरीक्षण, पीड़ित परिवारों से मिलकर जाना हाल; अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी के निर्देश

चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार, 6 सितंबर को अपने एक दिवसीय दौरे पर धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने मंदाकिनी नदी की बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हवाई और जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री व राशन किट वितरित की।

बाढ़ में जिन परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें तत्काल आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री ने पूर्ण रूप से मकान क्षतिग्रस्त होने वाले प्रभावितों को 1.20 लाख रुपये के चेक प्रदान किए। इसके साथ ही कुछ लाभार्थियों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र भी सौंपे गए।

हर प्रभावित परिवार को मदद का भरोसा

रामायण मेला परिसर में आयोजित राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी मजबूती के साथ बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रभावित व्यक्ति को परेशान होने की जरूरत नहीं है। किसान, व्यापारी, सामान्य वर्ग समेत हर वर्ग के प्रभावित लोगों को बिना भेदभाव के नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तीन परिवारों को 1.20 लाख रुपये के चेक

बाढ़ प्रभावित लोगों का हाल जानने पहुंचे मुख्यमंत्री ने रामायण मेला में आयोजित कार्यक्रम के मंच से मुकेश, लल्लू और चुन्नीलाल को पूर्ण रूप से मकान क्षतिग्रस्त होने पर 1.20-1.20 लाख रुपये के चेक प्रदान किए।

वहीं राम सूरज और सूरज कली को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र सौंपे गए। मुख्यमंत्री के हाथों तत्काल सहायता मिलने से प्रभावित परिवारों के चेहरे पर राहत और संतोष नजर आया।

पीड़ितों ने सरकार की त्वरित राहत की सराहना की

बाढ़ प्रभावित परिवारों ने मुख्यमंत्री के दौरे और तत्काल राहत उपलब्ध कराने पर आभार जताया। सीतापुर मलकाना क्षेत्र की रानी और मंजू ने बताया कि बाढ़ में उनका पूरा घर डूब गया और गृहस्थी का सामान बर्बाद हो गया। उनके मुताबिक मुख्यमंत्री की ओर से राशन किट मिलने से तत्काल राहत मिली है और उन्हें नए मकान के निर्माण का भरोसा भी दिया गया है।

कटरा गूजर गांव की आशा ने बताया कि बाढ़ में उनका दो मंजिला मकान प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से बाढ़ के शुरुआती दौर से ही खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराई जाती रही, जिससे परिवार को मुश्किल समय में बड़ी मदद मिली।

वहीं बाढ़ पीड़ित ज्ञान सिंह ने बताया कि उनका कच्चा मकान बाढ़ में ढह गया था। उन्हें राशन किट मिलने के साथ घर बनवाने का आश्वासन भी मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री के मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात करने और तत्काल मदद उपलब्ध कराने की सराहना की।

पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने और पीड़ितों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से जारी रखने, प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के त्वरित दौरे और राहत वितरण को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। बाढ़ के बाद प्रशासनिक स्तर पर जारी राहत कार्यों और पुनर्वास की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने पर अब प्रशासन का फोकस है।

 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *