
चित्रकूट में सपा की साइकिल यात्रा, जन-जन तक पहुंचाएंगे समाजवादी विचारधारा का संदेश
चित्रकूट। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी ने रविवार को चित्रकूट जिला मुख्यालय में जनजागरण साइकिल यात्रा निकाली। लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूरज भाई पटेल के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
लाल टोपी और पार्टी के झंडों के साथ कार्यकर्ताओं ने साइकिल यात्रा के दौरान समाजवादी विचारधारा और पार्टी की नीतियों का संदेश लोगों तक पहुंचाया। कार्यकर्ता नारे लगाते हुए आगे बढ़े, जिससे पूरे क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।
लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूरज भाई पटेल ने कहा कि प्रथम चरण की जनजागरण साइकिल यात्रा का शुभारंभ चित्रकूट से किया गया है। इसका उद्देश्य समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि साइकिल यात्रा के माध्यम से लोगों को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कार्यों और पार्टी की नीतियों से अवगत कराया जाएगा। साथ ही आम जनता से सीधे संवाद स्थापित कर सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और समाजवादी विचारधारा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पार्टी नेताओं के अनुसार, जनजागरण अभियान को आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में जारी रखा जाएगा।

