लगातार बारिश से चित्रकूट में हाहाकार, घर-दुकानों में घुसा पानी; लाखों का सामान बर्बाद


जलभराव से व्यापारी और आमजन बेहाल, पीड़ितों ने प्रशासन से आर्थिक मदद और नुकसान के सर्वे की मांग उठाई
चित्रकूट। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारी बारिश के चलते शहर और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। कई लोगों के घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस जाने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दुकानों में रखा सामान पानी में डूबने से लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है।
बारिश और जलभराव के कारण व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कई दुकानों में पानी भरने से फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, घरेलू सामग्री और अन्य व्यापारिक सामान खराब हो गया। वहीं, घरों में पानी घुसने से लोगों को घरेलू सामान के साथ-साथ जरूरी दस्तावेज और अन्य सामग्री के नुकसान का भी सामना करना पड़ा है।
बड़ी संख्या में लोग प्रभावित
बारिश से प्रभावित लोगों में पंकज मिश्रा, शिवशंकर लाल गुप्ता, भूरा गुप्ता, आशीष गुप्ता, राजेश गुप्ता, नेता साहू, मनोज साहू, रोहित साहू, विद्याधर गुप्ता, सुनील सोनी, छोटेलाल सोनी, जानकी शरण, रवि पाण्डेय, संदीप सोनी, अनीष खान, कुलदीप कुशवाहा, राजेश पटेल, रज्जन पटेल, शिवशंकर यादव, शिवकुमार सोनी, शंकर गुप्ता, डॉ. सचान, संजू गुप्ता, राजेश पटेल, खुशी ब्यूटी पार्लर, बुद्धविलास विश्वकर्मा, विपुल गुप्ता, ज्ञानेंद्र गुप्ता, पुष्पेन्द्र गुप्ता, शिवांशु शुक्ला, बब्बू पटेल, श्यामा पटेल, अशोक पटेल, मनीष पटेल, राजा साहू, धनीराम गुप्ता, जितेंद्र पटेल, अरविंद गुप्ता, सतेन्द्र पटेल और राजेंद्र पटेल सहित अन्य दुकानदार एवं स्थानीय लोग शामिल हैं।
प्रशासन से मदद की दरकार
पीड़ितों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण उनका कारोबार और घरेलू व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। कई लोगों का कहना है कि बारिश थमने के बाद भी नुकसान की भरपाई आसान नहीं होगी। पीड़ितों ने प्रशासन से तत्काल नुकसान का सर्वे कराकर उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने और प्रभावित परिवारों एवं दुकानदारों को राहत पहुंचाने की मांग की है।
लगातार बारिश के बीच लोगों की निगाह अब प्रशासनिक राहत और नुकसान के आकलन पर टिकी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।



