मूसलाधार बारिश में कच्चा मकान ढहा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

मूसलाधार बारिश में कच्चा मकान ढहा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

डीएम और एसपी जिला अस्पताल में घायलों का हालचाल लेते हुएU

हादसे में दंपती की चार वर्षीय बेटी समेत दो घायल; डीएम और एसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

चित्रकूट, 3 सितंबर 2026। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच विकासखंड कर्वी अंतर्गत ग्राम पंचायत बराछी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के कारण एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।

हादसे में मकान स्वामी कल्लू यादव (32), पुत्र बब्बू यादव, उनके पांच वर्षीय पुत्र अंश तथा एक वर्षीय दुधमुंही बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कल्लू यादव की पत्नी कुंता देवी (30) और उनकी चार वर्षीय पुत्री अंशिका घायल हो गईं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य तथा उपचार की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा परिवार की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। पीड़ित परिवार के रहने के लिए आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही बच्चों की शिक्षा तथा पात्रता के अनुसार पेंशन समेत अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने जिला अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। दोनों घायलों की विशेष निगरानी रखते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा और समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन के अनुसार घटना के बाद राहत एवं सहायता संबंधी कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *