मानिकपुर में 24.41 करोड़ से बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक मिलेगी आधुनिक शिक्षा

मानिकपुर में 24.41 करोड़ से बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय, प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक मिलेगी आधुनिक शिक्षा

चित्रकूट। मानिकपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। विकासखंड एवं तहसील मानिकपुर के ग्राम अगरहुण्डा में करीब 24.41 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। विद्यालय में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों को एक ही परिसर में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है।

स्थान का निरीक्षण करते सीडीओ चित्रकूट डीपी पाल

विद्यालय का निर्माण यूपी प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड, इकाई-13 बांदा द्वारा कराया जा रहा है, जबकि क्लाइंट विभाग बेसिक शिक्षा विभाग है। शासन से परियोजना को 11 मार्च 2026 को स्वीकृति मिली थी। निर्माण कार्य 30 जून 2026 से शुरू किया जाना निर्धारित था और इसे 29 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 2440.63 लाख रुपये है। प्रथम किस्त के रूप में 1220.32 लाख रुपये मार्च 2026 में अवमुक्त किए जा चुके हैं।
एक परिसर में शिक्षा से लेकर आवास तक की सुविधाएं
मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक विद्यालय भवन के साथ मिड डे मील भवन, बाल वाटिका, मल्टीपरपज हॉल, डारमेट्री, खेल एवं अन्य आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानाचार्य एवं स्टाफ आवास, गार्ड रूम, बाउंड्रीवाल, गेट, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, बाह्य जलापूर्ति, फायर फाइटिंग सिस्टम, सोलर सिस्टम, बाह्य विद्युतीकरण, ग्रीन बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे और 200 केवीए ट्रांसफार्मर जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।
परियोजना में विद्यालय भवन के लिए 1186.37 लाख रुपये, मिड डे मील भवन के लिए 95.24 लाख, बाल वाटिका के लिए 37.67 लाख, मल्टीपरपज हॉल के लिए 65.32 लाख, प्रधानाचार्य आवास के लिए 37.76 लाख, स्टाफ आवास के लिए 51.62 लाख, डारमेट्री के लिए 34.41 लाख, बाउंड्रीवाल के लिए 163.44 लाख और सीसी रोड के लिए 89.49 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
निर्माण स्थल पर काम ने पकड़ी रफ्तार
परियोजना स्थल पर फिलहाल साफ-सफाई, निर्माण सामग्री पहुंचाने और बाउंड्रीवाल के लिए खुदाई का कार्य चल रहा है। परियोजना की वर्तमान भौतिक प्रगति करीब 2 प्रतिशत बताई गई है, जबकि अब तक लगभग 60 लाख रुपये का व्यय किया जा चुका है।
वहीं, निर्माण स्थल पर मौजूद पेड़ों को हटाने के लिए कार्यदायी संस्था ने 1 अप्रैल 2026 को वन विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया था। वन विभाग द्वारा परिसर में मौजूद पेड़ों की गिनती और मूल्यांकन की प्रक्रिया चल रही है।
मानिकपुर के छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा
मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के अस्तित्व में आने के बाद मानिकपुर क्षेत्र के बच्चों को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक एक ही परिसर में आधुनिक शैक्षिक वातावरण उपलब्ध होगा। शैक्षणिक भवनों के साथ आवासीय, खेल और बुनियादी सुविधाओं के विकास से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।
24.41 करोड़ रुपये की यह परियोजना मानिकपुर क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए आधुनिक और समग्र शिक्षा की नई तस्वीर तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *